लखनऊ । लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 जनवरी से मणिपुर से मुंबई तक की यात्रा शुरू कर रहे हैं। कांग्रेस ने गुरुवार को यात्रा का नाम बबदलकर भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर दिया है। राहुल गांधी 66-68 दिनों में मणिपुर से मुंबई तक 6713 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।
इस दौरान वो 15 राज्यों में 110 जिलों की 100 लोकसभा सीटों से होकर गुजरेंगे। पार्टी ने पहले 14 राज्यों की 6200 किलोमीटर की दूरी तय करने की योजना बनाई थी लेकिन अब कांग्रेस ने अब अपने रूट में अरुणाचल प्रदेश को भी शामिल कर लिया है। कांग्रेस ने गुरुवार को मणिपुर से मुंबई तक की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का जो रूट मैप जारी किया है। उसमें राहुल गांधी सबसे ज्यादा समय उत्तर प्रदेश में गुजारेंगे।
यूपी में राहुल गांधी 11 दिनों में 1,074 किलोमीटर की यात्रा तय करेंगे। इस दौरान वो सूबे के 20 जिलों की 23 लोकसभा सीटों को कवर करेंगे। राहुल गांधी यूपी में चंदौली से दाखिल होंगे और उसके बाद प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के होते हुए अमेठी और रायबरेली पहुंचेगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का दावा है कि राहुल गांधी के यूपी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के करने से कार्यकर्ताओं में जोश पैदा होगा और वो एकजुट होकर मैदान में उतरेंगे। जनता का भी पार्टी से जुड़ाव होगा जो लोकसभा चुनाव में मददगार बनेगा।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत यूपी में सबसे लंबे समय तक रहेंगे। राहुल गांधी सूबे में हाई-प्रोफाइल लोकसभा क्षेत्रों से गुजरेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय सीट वाराणसी से लेकर सोनिया गांधी की रायबरेली और अपनी पुरानी सीट अमेठी की यात्रा करेंगे जहां से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सांसद हैं। राहुल गांधी यूपी में चंदौली, वाराणसी, भदोही, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर,
शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, एटा, कासगंज और आगरा से होकर गुजरेगी। सियासत में एक कहावत है कि दिल्ली का रास्ता यूपी से गुजरता है। यह बात ऐसी ही नहीं कही जाती है बल्कि उसके पीछे एक मजबूत तर्क भी है। देश की सबसे ज्यादा लोकसभा सीटें यूपी में हैं। सूबे में 80 लोकसभा सीटें आती हैं जो कुल सीटों का 15 फीसदी है। इसके अलावा ज्यादातर प्रधानमंत्री यूपी से ही प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, वीपी सिंह, चंद्रशेखर और अटल बिहारी वाजपेयी यूपी से सांसद रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यूपी की वाराणसी सीट से सांसद हैं।