इन्दौर / शुक्रवार रात तकरीबन ग्यारह बजे इन्दौर कलेक्टर के रूप में भोपाल से ट्रांसफर होकर आए कलेक्टर आशीष सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय प्रशासनिक संकुल पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के पूर्व आशीष सिंह ने श्री खजराना गणेश मंदिर मे भगवान स्वयंभू श्री गणेश का दर्शन – पूजन किया। चूंकि मुख्य चुनाव आयोग के निर्देशानुसार छः जनवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है शायद इसी वजह से आशीष सिंह ने रात को ही चार्ज ले लिया। नवागत इन्दौर कलेक्टर आशीष सिंह पूर्व में इंदौर नगर निगम आयुक्त तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इन्दौर रहे हैं तथा वर्तमान में भोपाल कलेक्टर के पद पर पदस्थ थे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही अपनी प्राथमिकताएं बताते कहा कि विकास कार्यो को गति देकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ ही केन्द्र और राज्य शासन की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा और उनके विजन को मूर्तरूप दिया जाएगा। कलेक्टर ने इन्दौर के सातवी बार स्वच्छता में नम्बर वन आने की बात पर हर्ष जाहिर करते कहा कि उनके निगमायुक्त रहते तीसरी और चौथी बार इंदौर को स्वच्छता में नबर वन का अवार्ड मिला था। खुशी की बात है कि इंदौर लगातार स्वच्छता में सिरमौर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि असल में इंदौर का स्वच्छता मॉडल देश – विदेश में एक उदाहरण बन चुका है।