पहले 8 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया था। IMD ने शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक रांची समेत 13 जिलों के लिए शीतलहर का 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
झारखंड की राजधानी रांची में स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। प्रशासन ने शीतलहर की चेतावनी के बीच यह फैसला लिया है। इसमें कहा गया है कि सभी स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। झारखंड के रांची जिले के प्रशासन ने गुरुवार (8 जनवरी) को एक निर्देश जारी कर कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी शीतलहर की चेतावनी को देखते हुए सभी स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि यह आदेश रांची में चलने वाले सभी तरह के स्कूलों पर लागू होता है।
आदेश में कहा गया है, "रांची जिले के तहत चलने वाले सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर-सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और सभी प्राइवेट स्कूल KG से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी छात्रों के लिए 10 जनवरी तक बंद रहेंगे।"
रांची समेत 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
इसमें आगे कहा गया है कि यह फैसला छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। पहले 8 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया था। IMD ने शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक रांची समेत 13 जिलों के लिए शीतलहर का 'येलो अलर्ट' (अपडेटेड) जारी किया है। जिन अन्य जिलों में शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना है, उनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।
न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, "झारखंड में ठंड की स्थिति निचले क्षोभमंडल स्तर पर उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होने की संभावना है और उसके बाद, अगले तीन दिनों में इसमें तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
" हजारीबाग में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया
हजारीबाग में राज्य का सबसे कम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खूंटी, डाल्टनगंज और लोहरदगा में क्रमशः 3.2, 3.4 और 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। झारखंड की राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि बोकारो और चाईबासा में क्रमशः 6.4 और 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आनंद ने बताया कि शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से अगले दिन उसी समय तक नौ जिलों – गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और गुमला – के लिए शीतलहर की चेतावनी भी जारी की गई है।