अशोकनगर । पीएम विश्वकर्मा योजना कारीगरों के कौशल का उन्नयन करने के लिए प्रभावी होगी। साथ ही कौशल को बढ़ावा दिया जाकर कारीगरों के जीवन को सशक्त बनाया जायेगा। यह बात कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के संबंध में आयोजित कार्यशाला के अवसर पर कही।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि विभिन्न समाजों के शिल्पीकार पीएम विश्वकर्मा योजना का लाभ ले सकेगें। इस योजना के अंतर्गत 18 ट्रेड चयनित किये गये है। इन चयनित ट्रेडों के तहत कारीगरों कॉमन सर्विस सेंटर पर नि:शुल्क पंजीयन कराया जायेगा। उन्होने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना से समाज के विभिन्न वर्गो को लोगों को लाभ मिलेगा।साथ ही रोजगार के द्वार खुलेगें और अन्य लोगों को भी रोजगार मिल सकेगा।
अपने पारम्परिक कार्य को कुशलतापूर्वक करने में मदद मिलेगी। जिससे आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने योजनान्तर्गत किये जाने वाले पंजीयन की सतत मॉनीटरिंग कराये जाने की बात कही। कार्यशाला में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. नेहा जैन ने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत कारीगरों का पंजीयन कर उनके हुनर को बढ़ावा देना है। पारम्परिक व्यवसाय के लिए शासन द्वारा 15 हजार रूपये की किट प्रदान की जायेगी। साथ ही प्रशिक्षण एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा। इसके साथ ही प्रारंभिक तौर पर एक लाख रूपये तथा उसके पश्चात दो लाख रूपये का ऋण बैंको के माध्यम से पॉच प्रतिशत ब्याज दर से उपलब्ध कराया जायेगा।